ऑपरेशन सिंधु: भारत ने 4400 से अधिक लोगों को सफलतापूर्वक निकाला

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

नई दिल्ली। भारत सरकार ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के प्रति त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया के रूप में ईरान और इजरायल से 4,415 भारतीय नागरिकों को निकालते हुए ऑपरेशन सिंधु का पहला चरण पूरा कर लिया है। भारत ने 18 जून को ऑपरेशन सिंधु की शुरुआत की थी, जो कि इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पश्चिम एशिया में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए एक बड़ी बचाव पहल है।

तीन भारतीय वायु सेना सी-17 विमानों सहित 19 विशेष उड़ानों के ज़रिए बड़े पैमाने पर निकासी की गई है। क्षेत्रीय एकजुटता के संकेत में, भारत सरकार ने पड़ोसी देशों के नागरिकों को भी मानवीय सहायता प्रदान की है। ईरान से निकाले गए लोगों में 14 ओसीआई कार्डधारक, 9 नेपाली नागरिक, 4 श्रीलंकाई नागरिक और एक भारतीय नागरिक का 1 ईरानी जीवनसाथी शामिल है।

विदेश मंत्रालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार तेहरान, येरेवन और अश्गाबात में भारतीय दूतावासों ने भूमि सीमा पार करने सहित निकासी के सुरक्षित मार्ग को सुविधाजनक बनाने के लिए निकट समन्वय किया। ईरान से अधिकांश निकासी मशहद के रास्ते से की गई। 18 से 26 जून तक, कुल 3,597 भारतीय नागरिकों को, जिनमें 15 से अधिक भारतीय राज्यों के छात्र, श्रमिक, पेशेवर, तीर्थयात्री और मछुआरे शामिल थे, 15 विशेष निकासी उड़ानों के माध्यम से येरेवन, अश्गाबात और मशहद से वापस लाया गया।

इजरायल में ऑपरेशन 23 जून को शुरू हुआ । तेल अवीव, रामल्लाह, अम्मान और काहिरा में भारतीय मिशनों ने जॉर्डन और मिस्र में भूमि सीमाओं के पार भारतीय नागरिकों की आवाजाही को सक्षम करने के लिए मेजबान सरकारों के साथ समन्वय किया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि 22 से 25 जून के बीच, अम्मान और शर्म अल शेख से तीन आईएएफ सी-17 विमानों सहित चार निकासी उड़ानों के माध्यम से कुल 818 भारतीय नागरिकों को निकाला गया, जिनमें छात्र, श्रमिक और पेशेवर शामिल थे।

भारत सरकार ने विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। सरकार ने ऑपरेशन के दौरान उनके सहयोग और समर्थन के लिए ईरान, इजरायल, जॉर्डन, मिस्र, आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान की सरकारों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि भारतीय राजनयिक मिशन ईरान, इजरायल और व्यापक पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थानीय अधिकारियों और भारतीय समुदायों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहेंगे ताकि किसी भी उभरते घटनाक्रम की निगरानी और प्रतिक्रिया की जा सके।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें