लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने काफी मंथन के बाद आखिरकार आज अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस नई टीम में कुल 64 पदाधिकारियों को जगह दी गई है, जिसमें जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश की गई है।
भाजपा द्वारा जारी की गई नई सूची के अनुसार, इस टीम में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 19 मंत्री और 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष शामिल किए गए हैं। केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने इस बार पुराने और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया है।
बड़े चेहरों को मिली अहम जिम्मेदारी,नई टीम में कई बड़े और चौंकाने वाले नाम शामिल हैं:
नीरज सिंह: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पूजा पाल: समाजवादी पार्टी (सपा) की बागी विधायक पूजा पाल को भी पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष जैसी बड़ी जिम्मेदारी दी है।
सुरेश राणा और मोहित बेनीवाल: पूर्व मंत्री सुरेश राणा और मोहित बेनीवाल को भी उपाध्यक्ष की सूची में शामिल किया गया है।
युवा व महिला मोर्चा: रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा का अध्यक्ष और सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा की कमान सौंपी गई है।
दिनेश प्रताप सिंह: इन्हें पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है, जबकि मनीष दीक्षित मीडिया संयोजक होंगे।

पार्टी ने संगठन को मजबूती देने के लिए 8 महामंत्रियों की नियुक्ति की है, जिनके नाम इस प्रकार हैं:
1. राम प्रकाश सिंह चौहान
2. गीता शाक्य
3. अभिजात मिश्रा
4. उपेंद्र रावत
5. संजय सिंह
6. शंकर लोधी
7. दिलीप पटेल
8. राजेश चौधरी

क्षेत्रीय इकाइयों में भी बड़ा बदलाव करते हुए निम्नलिखित नेताओं को अध्यक्ष बनाया गया है।
पश्चिम क्षेत्र: नवाब सिंह नागर
ब्रज क्षेत्र: पूरन सिंह लोधी
कानपुर क्षेत्र: रामकिशोर साहू
अवध क्षेत्र: अवधेश द्विवेदी
काशी क्षेत्र: अशोक चौरसिया
गोरखपुर क्षेत्र: विनोद राय
दस्तकत टुडे का विश्लेषण: क्यों अहम है यह नई टीम?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंकज चौधरी के अध्यक्ष बनने के करीब 6 महीने बाद घोषित हुई इस टीम पर आगामी विधानसभा चुनाव को फतह करने का भारी दारोमदार होगा। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की जोड़ी के नेतृत्व में यह टीम बीजेपी के सदस्यता अभियान, रैलियों और जमीनी चुनाव प्रबंधन को संभालेगी। विपक्ष के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले को काउंटर करने के लिए बीजेपी ने इस टीम में अति पिछड़ा, गैर-यादव ओबीसी और सवर्ण समाज का एक मजबूत सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन तैयार किया है।
(स्रोतः यूपी बीजेपी आधिकारिक विज्ञप्ति)
दस्तक टुडे (Dastak Today)








