महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर एक गुरुद्वारे में हमला हुआ है। घटना के फौरन बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
कैसे हुआ हमला
यह वारदात नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में हुई। बताया जा रहा है कि एक निहंग ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसे कृपाण बताया जा रहा है। इस हमले में सुखबीर सिंह बादल के दाहिने हाथ में चोट आई। उन्हें तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल यशोसाई हॉस्पिटल ले जाया गया। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नांदेड़ के जिलाधिकारी राहुल कर्डिले ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बादल व्यक्तिगत यात्रा पर गुरुद्वारे आए हुए थे और उन्हें तय प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी सुरक्षा दी गई थी। इसी दौरान अचानक एक व्यक्ति गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुआ और उन पर हमला बोल दिया। इस घटना में एक पुलिस इंस्पेक्टर को भी मामूली चोटें आईं, जो उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे।
अस्पताल पहुंचने का वीडियो वायरल
हमले के बाद जब बादल अस्पताल पहुंचे तो उनका एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वे हाथ पर कपड़ा लपेटे सुरक्षाकर्मियों के घेरे में अस्पताल की तरफ बढ़ते नजर आ रहे हैं। घटना के तुरंत बाद हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने बादल की सुरक्षा और सख्त कर दी है।
पहली बार नहीं हुआ ऐसा हमला
गौरतलब है कि सुखबीर सिंह बादल पर यह पहला हमला नहीं है। इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के बाहर भी उन पर जानलेवा हमले का प्रयास हुआ था, जब एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। उस दौरान भी वे बाल-बाल बच गए थे। ताजा घटना ने एक बार फिर उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमले के पीछे की वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है।








