नोएडा: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की सेक्टर-126 थाना पुलिस ने पीजी, हॉस्टल और किराये के कमरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 6 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, ₹12,500 नकद, एक आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
खुले कमरे का उठाया था फायदा
पुलिस के अनुसार सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कमरे का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर दो लैपटॉप चोरी कर ले गया। इसके अलावा उसके रूम पार्टनर का भी एक लैपटॉप, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस गायब मिला। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से आरोपी गिरफ्तार
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-131 क्षेत्र से बालन गोविन्दन नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है और लंबे समय से नोएडा व एनसीआर में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
कई मामलों का चोरी का सामान बरामद
पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से संबंधित चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी में 6 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल, ₹12,500 नकद, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अवैध चाकू शामिल हैं। पुलिस अन्य बरामद मोबाइल और लैपटॉप के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है।
ऐसे देता था चोरी की वारदातों को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले कई दिनों तक पीजी, हॉस्टल, किराये के मकानों और फ्लैटों की रेकी करता था। जिन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती या कमरे का दरवाजा खुला मिलता, वहां मौका पाकर लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह चोरी की घटनाओं के दौरान कई बार चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। पहचान छिपाने के लिए वह रैपिडो और ओला जैसी ऐप आधारित बाइक सेवाओं का भी सहारा लेता था। चोरी किए गए मोबाइल और लैपटॉप को राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देता था या पार्सल के जरिए तमिलनाडु भेज देता था।
कई आपराधिक मामलों में पहले से दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है और उसके नेटवर्क की जांच कर रही है।








