पत्रकार-पुलिस समन्वय मजबूत करने की पहल, सीजेए ने एसपी से संवाद गोष्ठी आयोजित करने की मांग

SHARE:

साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) ने पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक फतेहपुर को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के साथ विशेष संवाद गोष्ठी आयोजित कराने की मांग की है। संगठन का मानना है कि नियमित संवाद से पत्रकारों की सुरक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।

सीजेए के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान द्वारा पुलिस अधीक्षक को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि संगठन लंबे समय से पत्रकारों के हितों, सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर में पुलिस और पत्रकारों के बीच हमेशा सकारात्मक संबंध रहे हैं, जिससे आमजन तक समय पर तथ्यात्मक सूचनाएं पहुंचती हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग मिलता है।

ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान समय में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को कई प्रशासनिक, व्यावहारिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। वहीं पुलिस भी संवेदनशील परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती है। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच नियमित संवाद समय की आवश्यकता बन गया है।

संगठन ने सुझाव दिया कि जिस प्रकार पुलिस प्रशासन समय-समय पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ संवाद बैठकें आयोजित करता है, उसी प्रकार जिले के पत्रकारों के साथ भी एक विशेष संवाद गोष्ठी आयोजित की जाए। इस बैठक में पत्रकार और पुलिस अधिकारी खुलकर अपने विचार साझा करें तथा समस्याओं के व्यावहारिक समाधान पर चर्चा हो।

सीजेए ने प्रस्तावित गोष्ठी में पत्रकारों की सुरक्षा, समाचार संकलन के दौरान आने वाली समस्याएं, पुलिस से अपेक्षित सहयोग, फर्जी पत्रकारिता एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर संयुक्त रणनीति, जनहित में पुलिस-मीडिया की भूमिका तथा अपराध नियंत्रण में दोनों पक्षों के समन्वय जैसे विषयों को शामिल करने का सुझाव दिया है।

राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि सुविधानुसार तिथि और समय निर्धारित कर संवाद गोष्ठी आयोजित कराई जाए, ताकि जिले के पत्रकार अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे पुलिस प्रशासन के समक्ष रख सकें। संगठन का विश्वास है कि इस पहल से पुलिस और मीडिया के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सहयोग को नई मजबूती मिलेगी, जिसका लाभ अंततः आम जनता को मिलेगा।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी, प्रदेश उपाध्यक्ष ज़र्रेयाब खान, जिला संरक्षक वसीम अख्तर, जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह, जिला सचिव एवं अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें