नोएडा। सोमवार को हुई बारिश के बाद उत्पन्न स्थिति का आकलन करने के लिए नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य जलभराव, जलनिकासी व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान एस.पी. सिंह, आर.पी. सिंह और ए.के. अरोड़ा सहित सिविल एवं जल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर जलभराव, नालों की स्थिति, सड़कों की हालत और जलनिकासी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जलनिकासी कार्यों में तेजी लाई जाए, प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके अलावा संवेदनशील और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता है।








