ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार का कहर, मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलसा

तेज रफ्तार सैंट्रो कार ने ठेली को मारी टक्कर, गर्म तेल गिरने से मासूम घायल

ग्रेटर नोएडा के सिग्मा-4 इलाके में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक बेकाबू सैंट्रो कार ने सड़क किनारे खड़ी ठेली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ठेली के परखच्चे उड़ गए और उस पर रखा गर्म तेल वहीं खड़े एक मासूम बच्चे पर गिर गया।

गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को तुरंत ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने दादरी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना तेज रफ्तार वाहनों से जुड़ी लापरवाहियों पर सवाल खड़े करती है। प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद सड़कों पर बेलगाम रफ्तार के कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।