नोएडा सेक्टर-113 पुलिस ने ऑनलाइन ऐप्स के माध्यम से गांजे की तस्करी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसमें OG, Mango, Shillong जैसे प्रीमियम वैरिएंट शामिल हैं। इसके अलावा पैकिंग के लिए उपयोग की जाने वाली नामी कंपनियों की पॉलीथीन और फर्जी ऑर्डर रसीदें भी मिली हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तस्करी का ऐसा तरीका अपनाया था जिससे पकड़े जाने पर डिलीवरी राइडर फँस जाए और असली सप्लायर बच निकलें। ये लोग ऑनलाइन लोकेशन लेते, डिजिटल पेमेंट लेते और डिलीवरी ऐप्स की आड़ में गांजे के पैकेट तय जगह पर छोड़ देते थे।
फर्जी डिलीवरी पैकेजिंग का इस्तेमाल कर NCR में सप्लाई करते थे ड्रग्स, मास्टरमाइंड पहले निजी कंपनी में करता था नौकरी
गिरफ्तार आरोपियों में योगेंद्र प्रताप सिंह, सूरज उर्फ रूद्र सिंह और शिवकेश त्रिपाठी शामिल हैं। मुख्य आरोपी योगेंद्र प्रताप पहले नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था और वहीं से उसने ड्रग सप्लाई का काम शुरू किया था, जो धीरे-धीरे NCR तक फैल गया।
तीनों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।





