नोएडा: पश्चिम बंगाल से दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था ‘गोल्डन मिमची’ क्वालिटी का गांजा, चोरी का ई-रिक्शा भी जब्त थाना फेस-1 नोएडा पुलिस ने कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में चल रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गांजा तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 64 किलो अवैध गांजा और एक चोरी का ई-रिक्शा बरामद किया गया है।
पश्चिम बंगाल से छोटी-छोटी पैकिंग में गांजा ट्रेन के कुलियों की मदद से दिल्ली लाता था बरामद गांजा की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर की गई, जिसमें डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद और एडीसीपी शिव्या गोयल के मार्गदर्शन में थाना फेस-1 की टीम ने आरोपी को झुंडपुरा बोटगर इलाके से देर रात दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निताई सरकार उर्फ चपू सरकार के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल से छोटी-छोटी पैकिंग में गांजा ट्रेन के कुलियों की मदद से दिल्ली लाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले आठ साल से दिल्ली-एनसीआर में ‘गोल्डन मिमची’ क्वालिटी का गांजा सप्लाई कर रहा था। वर्ष 2019 में भी वह अपनी पत्नी के साथ 17 किलो गांजा सहित पकड़ा जा चुका है। आरोपित के खिलाफ दिल्ली और एनसीआर के कई थानों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
बरामद गांजा की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





