ऑनलाइन सीट बुकिंग करने वाली बसों पर चलेगा शिकंजा, 9 से 11 जून तक विशेष अभियान

नोएडा। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर अखिल भारतीय पर्यटक परमिट (AITP) से संचालित उन बसों के विरुद्ध 9 से 11 जून तक प्रदेशव्यापी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीटवार बुकिंग कर स्टेज कैरिज के रूप में संचालन कर रही हैं।

कार्रवाई पर जोर:नियम तोड़ने वाली बसों पर होगी सख्त कार्रवाई

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण ने बताया कि अभियान के तहत यमुना एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों और टोल प्लाजाओं पर 24 घंटे प्रवर्तन दल तैनात रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग सख्त कार्रवाई मई में 242 बसों से वसूले लाखों रुपये

उन्होंने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में प्रवर्तन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। मई माह में 242 बसों की जांच कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिससे करीब 1 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा वाहनों से 67 लाख रुपये का बकाया कर भी जमा कराया गया।

नियम पालन और यात्री सुरक्षा के लिए चलेगा संयुक्त अभियान

डॉ. उदित नारायण ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अवैध यात्री परिवहन पर रोक लगाना, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन कराना है। अभियान के दौरान परिवहन विभाग, यात्रीकर अधिकारियों और रोडवेज अधिकारियों की संयुक्त टीमें कार्रवाई करेंगी।