जूनियर क्रिकेट चैंपियनशिप के आठवें सत्र का शुभारंभ, नोएडा में युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच

युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करने के उद्देश्य से जूनियर क्रिकेट चैंपियनशिप के आठवें सत्र का शुभारंभ नोएडा स्थित होटल पार्क एसेंट में आयोजित खिलाड़ियों के चयन समारोह के साथ हुआ जिसमें बतौर मुख्य अतिथि नोएडा एवं एनसीआर उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन डॉ पीयूष द्विवेदी मौजूद रहे जिन्होंने आधिकारिक तौर पर जेसीसी सीजन 8 की ट्रॉफी का अनावरण किया और सभी टीमों की ऑफिशियल जर्सी को लॉन्च किया।। यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि देश के भविष्य के खिलाड़ियों को पहचान देने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल के रूप में सामने आया।

जूनियर क्रिकेट चैंपियनशिप के संस्थापक अध्यक्ष, पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं प्रशिक्षक राज यादव ने बताया कि लीग में दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली अंडर-15 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के माध्यम से 80 होनहार खिलाड़ियों को 10 टीमों में शामिल किया गया। इस पहल का उद्देश्य देश के छोटे शहरों और क्षेत्रों से आने वाली प्रतिभाओं को अवसर देना है, ताकि कोई भी प्रतिभावान खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए।

मुख्य अतिथि डॉ पीयूष द्विवेदी ने युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें देश में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने जूनियर स्तर पर क्रिकेट को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की और खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जेसीसी के सचिव आलोक सक्सेना, जनसंपर्क निदेशक सुमन चौधरी, नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार संतोष राज, प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना शालू श्रीवास्तव, आदि मौजूद थे।