नोएडा, 21 जून 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय योग संस्थान के “रजत विहार योग केंद्र” द्वारा रजत विहार, सी-ब्लॉक, सेक्टर-62, नोएडा में भव्य एवं उत्साहपूर्ण योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी सोसाइटी की माताओं-बहनों, युवाओं, बच्चों तथा वरिष्ठ नागरिकों ने प्रातः 5:30 बजे योगा पॉइंट पर एकत्र होकर भारतीय योग संस्थान की निर्धारित पद्धति के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा स्थापित रजत विहार योग केंद्र पिछले पाँच वर्षों से निरंतर निःशुल्क संचालित किया जा रहा है। योग दिवस के अवसर पर केंद्र के नियमित साधकों एवं अन्य प्रतिभागियों का उत्साह, अनुशासन और समर्पण देखते ही बनता था।
योग केंद्र की संरक्षक एवं योग गुरु श्रीमती सुषमा नागपाल तथा वरिष्ठ योग साधक श्री ओम प्रकाश अग्रवाल ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान योग साधकों ने विभिन्न योग मुद्राओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिससे नए प्रतिभागियों में योग के प्रति विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली। बड़ी संख्या में उपस्थित रजत विहार निवासियों ने योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में रजत विहार की वरिष्ठ नागरिक एवं योग केंद्र की संरक्षक श्रीमती सुषमा नागपाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।





