ब्यूरो रिपोर्ट, दस्तक टुडे: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आ रही है. अलीगंज के पुरनिया इलाके में स्थित उषा मेहता मार्ग (सेक्टर-डी) पर एक तीन मंजिला कमर्शियल इमारत में संचालित हो रहे प्राइवेट कोचिंग संस्थान में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई. इस भीषण अग्निकांड में अब तक 14 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें अधिकांश छात्र-छात्राएं शामिल हैं.
शॉर्ट सर्किट होने की वज़ह से भड़की आग, मच गई अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग दोपहर करीब 3:00 बजे इमारत के निचले हिस्से में मौजूद एक दुकान/शोरूम से शुरू हुई और देखते ही देखते इसने ऊपर चल रहे कोचिंग सेंटर, एनीमेशन सेंटर और गेमिंग ज़ोन को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बिल्डिंग में काला और घना धुआं भर गया. उस वक्त कोचिंग सेंटर में भारी संख्या में छात्र पढ़ाई कर रहे थे.

जान बचाने के लिए छतों से कूदे बच्चे
बिल्डिंग में धुआं और लपटें भरने के कारण बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे डरावने वीडियो में देखा जा सकता है कि कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए पहली और दूसरी मंजिल की खिड़कियों, छज्जों और छतों से नीचे कूदने लगे. नीचे खड़े स्थानीय लोगों ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए कई बच्चों को कैच किया और अस्पताल पहुंचाया. कुछ छात्र खुद को बचाने के लिए कोचिंग के वॉशरुम में छिप गए थे.

14 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की 14 गाड़ियां (हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म सहित) मौके पर पहुंचीं. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला. दमकल कर्मियों ने बराबर वाली बिल्डिंग की दीवार तोड़कर अंदर फंसे बच्चों को निकालने का प्रयास किया. उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक खुद घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने अपनी देखरेख में रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया. डिप्टी सीएम ने नम आंखों से मीडिया को बताया कि उन्होंने खुद घटनास्थल से 14 शवों को बरामद होते देखा है.
सीएम योगी ने जताया दुख, दिए उचित इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर तुरंत लखनऊ लौटने का फैसला किया है. सीएम ने अधिकारियों को घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और अन्य अस्पतालों में तत्काल मुफ्त और समुचित इलाज मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए हैं.
फिलहाल, दमकल विभाग द्वारा सर्च और कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और अंदर न फंसा हो. प्रशासन ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच और बिल्डिंग के फायर सेफ्टी मानकों की जांच के आदेश दे दिए हैं.
दस्तक टुडे इस हादसे में जान गंवाने वाले मासूम छात्रों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
ताजा अपडेट्स और ग्राउंड रिपोर्ट के लिए जुड़े रहिए दस्तक टुडे के साथ।
सच्ची खबर, सीधी दस्तक ~ दस्तक टुडे




