भारत ने फिलिस्तीनी शरणार्थियों के समर्थन को दोहराया, नई विकास परियोजनाओं का किया एलान

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

दस्तक टुडे | अंतरराष्ट्रीय डेस्क

भारत ने एक बार फिर फिलिस्तीनी शरणार्थियों और फिलिस्तीन के लोगों के प्रति अपने समर्थन को दोहराते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पुनर्वास से जुड़ी नई विकास परियोजनाओं की घोषणा की है। बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में आयोजित फिलिस्तीन डोनर ग्रुप (PDG) की दूसरी मंत्री-स्तरीय बैठक में भारत ने यह प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में विदेश मंत्रालय में वाणिज्य दूतावास, पासपोर्ट एवं वीजा तथा प्रवासी भारतीय मामलों (सीपीवी एवं ओआईए) की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। यूरोपीय आयोग और फिलिस्तीन प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस बैठक में यूरोपीय संघ के सदस्य देशों, अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

दो-राष्ट्र समाधान के समर्थन पर कायम भारत

बैठक को संबोधित करते हुए श्रीप्रिया रंगनाथन ने कहा कि भारत अपनी पारंपरिक विदेश नीति के तहत ‘दो-राष्ट्र समाधान’ के समर्थन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत ऐसी व्यवस्था का समर्थन करता है जिसमें अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सीमाओं के भीतर इजरायल और फिलिस्तीन दोनों शांति और सुरक्षा के साथ साथ-साथ रह सकें।

उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत संयुक्त राष्ट्र में फिलिस्तीन की पूर्ण सदस्यता की मांग का समर्थन करता है और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने के प्रयासों के साथ खड़ा है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर फोकस

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत की सहायता परियोजनाएं मांग आधारित हैं और मुख्य रूप से स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, क्षमता निर्माण तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण पर केंद्रित हैं। भारत फिलिस्तीन में पहले से ही कई विकास परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है और अब पुनर्वास, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा कौशल विकास से जुड़ी नई पहल भी शुरू की जाएंगी।

सचिव रंगनाथन ने बताया कि भारत महिला सशक्तिकरण और संस्थागत विकास से संबंधित कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ा रहा है, जिससे फिलिस्तीन के लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

यूएनआरडब्ल्यूए के प्रयासों को भी मिला भारत का समर्थन

ब्रुसेल्स दौरे के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (UNRWA) के सलाहकार आयोग से जुड़ी बैठक में भी हिस्सा लिया। इस दौरान भारत ने एजेंसी की मानवीय गतिविधियों और फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति अपना समर्थन दोहराया।

भारत ने कहा कि वह फिलिस्तीन के लोगों की मानवीय आवश्यकताओं को पूरा करने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में आगे भी सहयोग जारी रखेगा।

रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी | दस्तक टुडे

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें