नोएडा सेक्टर-61 में श्री जगन्नाथ कथा का चौथा दिन, ठाकुरजी की जन्म कथा और जन्मोत्सव में उमड़े श्रद्धालु

SHARE:

नोएडा सेक्टर-61 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित श्री जगन्नाथ महाप्रभु की पावन कथा एवं भागवत कथा का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। 16 जुलाई से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन के चौथे दिन भगवान श्री जगन्नाथ की जन्म कथा का वाचन किया गया और ठाकुरजी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा में शामिल होकर भक्ति रस का आनंद लिया।

श्री जगन्नाथ महाप्रभु की दिव्य प्रतिमा 16 जुलाई 2026 को श्री स्वर्ण क्षेत्र रॉयल गार्डन एस्टेट, नोएडा से मौसी माँ के घर के रूप में स्थापित सेक्टर-61 स्थित कम्युनिटी सेंटर में विराजमान हुई थी। महाप्रभु 24 जुलाई 2026 तक यहां भक्तों को दर्शन देंगे।

आयोजन के तहत 16 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक प्रसिद्ध आचार्य अजय किरण जी द्वारा श्रीमद्भागवत कथा एवं श्री जगन्नाथ कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्री जगन्नाथ के जीवन, उनकी लीलाओं और सनातन संस्कृति से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का विस्तृत वर्णन सुनने का अवसर मिल रहा है।

आज आयोजित कथा में विशेष रूप से भगवान श्री जगन्नाथ की जन्म कथा का वर्णन किया गया। कथा के उपरांत जन्मोत्सव श्रद्धा, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण के बीच मनाया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ ठाकुरजी का अभिनंदन किया।

आयोजन समिति की ओर से प्रतिदिन अलग-अलग जजमानों द्वारा पूजा एवं सेवा की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहान्ति और सचिव सुश्री नीरू शर्मा संभाल रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन लगभग 300 से 400 श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन करते हैं और कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित बैठने, पूजा एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।

आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 24 जुलाई तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव में परिवार सहित शामिल होकर श्री जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करें।

 

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें