E20 पेट्रोल के खिलाफ मैदान में उतरी AAP, केजरीवाल का पीएम आवास तक मार्च का ऐलान

SHARE:

E20 पेट्रोल यानी 20 फीसदी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी अब सीधे मैदान में उतरने जा रही है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि अगर सरकार ने इस नीति को वापस नहीं लिया, तो यह विरोध बड़ा आंदोलन बन सकता है। इसी सिलसिले में पार्टी अगले हफ्ते प्रधानमंत्री आवास तक पेटीशन लेकर पहुंचने की तैयारी में भी है।

केजरीवाल का बड़ा ऐलान

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए यह बात कही कि जिस तरह छात्रों की एकजुट आवाज ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा करवाया, ठीक उसी तरह E20 के मुद्दे पर भी लोगों को साथ आना होगा। उन्होंने बताया कि इस शनिवार को ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कोई भी व्यक्ति ऑफलाइन या ऑनलाइन जुड़कर अपनी बात रख सकता है।

गाड़ियों में खराबी, जनता परेशान

केजरीवाल ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो चुका है, अब प्रधानमंत्री मोदी से गुजारिश है कि E20 पेट्रोल की समस्या का भी हल निकाला जाए। उनका कहना है कि इस ईंधन के इस्तेमाल से देशभर में वाहन मालिकों को गाड़ियों में तकनीकी खराबी की शिकायतें झेलनी पड़ रही हैं, जिससे आम जनता में नाराजगी बढ़ रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार तभी इस मुद्दे पर ध्यान देगी जब जनता संगठित होकर आवाज बुलंद करेगी। इसी वजह से शनिवार के आयोजन में देशभर के उन तमाम लोगों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है जो E20 नीति से परेशान हैं या इसका विरोध कर रहे हैं।

दिल्ली वालों के लिए खास अपील

दिल्ली और आसपास रहने वाले लोगों के लिए केजरीवाल ने खास तौर पर कहा कि वे सुबह 11:30 बजे कांस्टीट्यूशन क्लब पहुंचें, जहां उन्हें अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलेगा। पार्टी की योजना है कि इस टाउनहॉल के जरिए जुटाई गई आवाजों को अगले हफ्ते एक पेटीशन के रूप में सीधे प्रधानमंत्री आवास तक पहुंचाया जाए।

गौरतलब है कि हाल ही में NEET पेपर लीक विवाद में हुए छात्र आंदोलन के बाद सरकार को कई बड़े फैसले लेने पड़े थे, और अब AAP उसी मॉडल पर E20 के मुद्दे को भी जन-आंदोलन का रूप देने की कोशिश में जुटी है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें