नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब विश्वविद्यालय की 37 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट सार्थक ने मेरठ में आयोजित इंटर ग्रुप थल सैनिक कैंप (आईजीसी टीएससी)-2026 की हेल्थ एंड हाइजीन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें स्वर्ण पदक तथा 3,000 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
कैडेट सार्थक की इस उपलब्धि ने न केवल गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, बल्कि 37 यूपी बटालियन एनसीसी और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।
एनसीसी टीम के मार्गदर्शन में मिली सफलता
विश्वविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डॉ. नितेश सिंह भाटी के कुशल नेतृत्व और निरंतर मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, स्वास्थ्य जागरूकता और टीम भावना पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका सकारात्मक परिणाम विभिन्न प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहा है।
गाजियाबाद ग्रुप रहा रनर-अप
आईजीसी टीएससी-2026 में गाजियाबाद ग्रुप ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का स्थान प्राप्त किया। वहीं, कैडेट सार्थक की व्यक्तिगत सफलता इस प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण रही और उन्होंने हेल्थ एंड हाइजीन श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
कुलपति ने दी बधाई
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कैडेट सार्थक की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक छात्र की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय की मजबूत एनसीसी प्रशिक्षण व्यवस्था का भी प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व, अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्हें विश्वास है कि सार्थक भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
कुलपति ने इस उपलब्धि के लिए एनसीसी अधिकारी डॉ. नितेश सिंह भाटी को भी बधाई दी और उनके मार्गदर्शन की सराहना की।
विश्वविद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
विश्वविद्यालय परिवार ने कैडेट सार्थक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आने वाले समय में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ेंगे।







