थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान अचानक भयानक टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं।
क्या हुआ फ्लाइट में
यात्रियों के मुताबिक, दिल्ली में लैंडिंग से कुछ देर पहले विमान अचानक नीचे की ओर आने लगा और तेज हिचकोले खाने लगा। कुछ ही सेकंड में केबिन के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ यात्रियों को कान में तो कुछ को गर्दन में चोटें आईं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सफलतापूर्वक दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया।
एयर इंडिया की सफाई
एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ देर के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक हल्का बदलाव आया। एयरलाइन के अनुसार विमान दिल्ली में सुरक्षित उतरा और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।
एयरलाइन का कहना है कि अभी तक किसी को गंभीर चोट लगने की पुष्टि नहीं हुई है। जिन यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं और जिन्हें मेडिकल जांच की जरूरत महसूस हुई, उन्हें एहतियातन एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया, जहां एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ ने उनकी देखभाल की।
एयरलाइन ने साफ किया है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
(यह एक डेवलपिंग स्टोरी है, नए अपडेट्स आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।)







