आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में थाना फेस-3 परिसर में संभ्रांत नागरिकों, डीजे संचालकों और कांवड़ शिविर आयोजकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह ने सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि न हो, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो।

बैठक के दौरान डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। वहीं कांवड़ शिविर आयोजकों से कहा गया कि शिविर केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
बारिश के मौसम को देखते हुए शिविरों में लगाए जाने वाले विद्युत उपकरणों की नियमित जांच करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा प्रत्येक शिविर में आपातकालीन मेडिकल किट उपलब्ध रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।








