कोलंबो। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बुधवार को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो का एक दिवसीय आधिकारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने श्रीलंका के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने, विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा क्षेत्रीय सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
विदेश सचिव ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या, विदेश मंत्री विजिता हेराथ और विदेश सचिव अरुनी राणाराजा से अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों में कनेक्टिविटी, ऊर्जा, डिजिटल गवर्नेंस, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और आर्थिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
विकास परियोजनाओं पर रहा विशेष जोर
भारतीय उच्चायोग के अनुसार, बातचीत का मुख्य फोकस भारत की सहायता से श्रीलंका में संचालित विकास परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाना और दोनों देशों की साझा प्राथमिकताओं पर काम करना रहा। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया।
350 मिलियन डॉलर की लाइन ऑफ क्रेडिट से जुड़े समझौते
बैठकों के बाद दोनों देशों के बीच 350 मिलियन अमेरिकी डॉलर की भारतीय रुपये आधारित लाइन ऑफ क्रेडिट (LoC) से जुड़े समझौतों का आदान-प्रदान भी हुआ। यह वित्तीय सहायता पूर्व में घोषित पुनर्निर्माण पैकेज का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य श्रीलंका में आधारभूत ढांचे के विकास, पुनर्निर्माण कार्यों और आवश्यक खरीद प्रक्रियाओं को गति देना है।
क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने विदेश मंत्री विजिता हेराथ और विदेश सचिव अरुनी राणाराजा के साथ अलग-अलग बैठकों में क्षेत्रीय सुरक्षा, वैश्विक परिस्थितियों और द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘विजन महासागर’ के तहत श्रीलंका की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।
आर्थिक सहयोग जारी रखने का भरोसा
बैठकों के दौरान भारत ने श्रीलंका की आर्थिक स्थिरता और विकास में निरंतर सहयोग का भरोसा दोहराया। हाल के वर्षों में आर्थिक संकट के दौरान भारत द्वारा दी गई वित्तीय सहायता, ईंधन, दवाइयों और खाद्य सामग्री जैसी मानवीय मदद का भी उल्लेख किया गया। दोनों पक्षों ने भविष्य में भी सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।
रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी








