गौतमबुद्धनगर में 18 अगस्त से विशेष एमआर टीकाकरण अभियान, 5 से 10 वर्ष तक के छूटे बच्चों को लगेगी वैक्सीन

SHARE:

गौतमबुद्धनगर, 05 अगस्त 2026। जनपद में खसरा और रूबेला जैसी गंभीर बीमारियों से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 18 अगस्त से विशेष एमआर (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों को एमआर वैक्सीन की डोज दी जाएगी, जो किसी कारणवश पहले टीकाकरण से वंचित रह गए थे। इसके साथ ही 14 वर्ष आयु की पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्क फोर्स (DTF) की बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिरोहा ने बताया कि यह विशेष एमआर टीकाकरण अभियान 18 से 28 अगस्त 2026 तक संचालित होगा।

उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान नियमित टीकाकरण प्रभावित होने के कारण कई बच्चे एमआर वैक्सीन से वंचित रह गए थे। ऐसे बच्चों को चिन्हित कर अब सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों और अन्य शिक्षण संस्थानों में टीकाकरण कराया जाएगा।

इन तिथियों पर लगाई जाएगी एमआर वैक्सीन

अभियान के दौरान 18, 20, 21, 24, 25, 27 और 28 अगस्त 2026 को निर्धारित सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कक्षा 1 से 5 तक के पात्र बच्चों को एमआर वैक्सीन की डोज दी जाएगी।

एचपीवी टीकाकरण पर भी रहेगा विशेष फोकस

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में 28 फरवरी 2026 से एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 14 वर्ष आयु की पात्र बालिकाओं, जिनका 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है, को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है।

सभी विभागों को दिए गए निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, आईसीडीएस विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र बच्चों और बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और आईसीडीएस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कोई भी पात्र बच्चा या बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस), डब्ल्यूएचओ, गावी, जेएसआई और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें