सीएटीसी-130 एनसीसी शिविर में कैडेटों को मिला जीवनरक्षक सीपीआर प्रशिक्षण, तनाव प्रबंधन और साइबर सुरक्षा का विशेष मार्गदर्शन

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 37 यूपी बटालियन एनसीसी, गाजियाबाद द्वारा आयोजित सीएटीसी-130 के अंतर्गत कैडेटों के सर्वांगीण विकास हेतु मंगलवार को सीपीआर प्रशिक्षण, तनाव प्रबंधन एवं साइबर सुरक्षा विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यानों का आयोजन किया गया। यह शिविर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में 10 जून से 19 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिम्स , कासना की डॉ. सोनल एवं उनकी टीम द्वारा एनसीसी कैडेटों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) एवं प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने वाली तकनीकों, प्राथमिक उपचार की प्रक्रियाओं तथा दुर्घटना एवं आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के महत्वपूर्ण कौशलों से अवगत कराया गया।

जीबीयू के मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर प्रेरणादायी व्याख्यान दिया। उन्होंने कैडेटों को मानसिक दृढ़ता, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अनुशासित जीवनशैली और सकारात्मक दृष्टिकोण किसी भी चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अगले सत्र में डॉ. गौरव, सहायक आचार्य, स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कैडेटों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया सुरक्षा, साइबर हमलों से बचाव तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर अजीत सिंह, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, गाजियाबाद ने शिविर का निरीक्षण किया तथा कैडेटों को संबोधित किया। उन्होंने कैडेटों के उत्कृष्ट अनुशासन, समर्पण और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेटों को अपने कार्यों, व्यवहार और राष्ट्रसेवा की भावना से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय एवं एनसीसी संगठन का नाम गौरवान्वित करने का संदेश दिया तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए अनुशासन को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाने की प्रेरणा दी।

शिविर का संचालन एवं मार्गदर्शन कर्नल संदीप पांडेय, कमांडिंग ऑफिसर, 37 यूपी बटालियन एनसीसी, लेफ्टिनेंट मनीष डोगरा, कैंप कमांडेंट तथा सूबेदार मेजर हरविंदर सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। उनके निर्देशन में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम का सफल समन्वयन डॉ. नितेश सिंह भाटी, सहायक आचार्य, एसओआईसीटी एवं एनसीसी समन्वयक, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय द्वारा किया गया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ एवं लगभग 620 एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। साथ ही गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के एसोसिएट एनसीसी अधिकारी डॉ. अमित शर्मा एवं डॉ. संदीप आनंद ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कैडेटों का उत्साहवर्धन किया।

एनसीसी शिविर के अंतर्गत आयोजित इन विशेष प्रशिक्षण सत्रों ने कैडेटों को न केवल आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक कौशल प्रदान किए, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल सुरक्षा एवं नेतृत्व क्षमता के प्रति भी जागरूक और सशक्त बनाया।