नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना बीटा-2 पुलिस ने बंद पड़े मकानों में चोरी करने और अवैध गांजे की बिक्री करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट, ताले खोलने के औजार और 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने सिटी पार्क नवादा के पास से साहिल पुत्र रज्जाक, निवासी मुस्ताक नगर, अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलने पर वहां चोरी की वारदात को अंजाम देता था। इसके अलावा वह उसी मोटरसाइकिल से विभिन्न सोसायटियों और कॉलोनियों में अवैध गांजा भी बेचता था।
नंबर प्लेट बदलकर देता था वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी मोटरसाइकिल पर बार-बार फर्जी नंबर प्लेट लगाता था। उसके पास ताले खोलने के लिए प्लास और विभिन्न प्रकार की कई चाबियां भी मिली हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 6 जून 2026 को अल्फा-1 क्षेत्र और 11 जुलाई 2026 को सिल्वर ऑक्स सोसायटी में बंद मकानों से सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। इन मामलों में थाना बीटा-2 में मुकदमे दर्ज हैं।
बरामद सामान
- 3 सोने की चेन
- 2 सोने के मंगलसूत्र
- 1 सोने का ब्रेसलेट
- 2 सोने के पेंडेंट
- 5 सोने की अंगूठियां
- 1 जोड़ी सोने के टॉप्स
- 2 जोड़ी चांदी की पायल
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (फर्जी नंबर प्लेट सहित)
- एक अतिरिक्त नंबर प्लेट
- प्लास और करीब दो दर्जन चाबियां
- 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, एनडीपीएस एक्ट और आईटी एक्ट समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








