बॉलीवुड और क्रिकेट जगत का नाता हमेशा से ही चर्चा में रहा है। कई बार एक्ट्रेसेस क्रिकेटर्स से शादी करके अपना घर बसाती हैं, तो कई बार सिर्फ अफवाहों के चलते ही उनकी डेटिंग लाइफ सुर्खियां बटोर लेती है। इन दिनों कुछ ऐसा ही मामला एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर और युवा क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल के नाम को लेकर सामने आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि मृणाल ने इस बार खुद इन चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कैसे शुरू हुई पूरी चर्चा?
दरअसल कुछ समय पहले मृणाल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल को मुंबई के एक ही कैफे से बाहर निकलते हुए देखा गया था। हालांकि दोनों अलग-अलग समय पर वहां से निकले थे, लेकिन एक ही जगह से बाहर आने के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गईं। इसके बाद यूजर्स के बीच यह अटकलें शुरू हो गईं कि दोनों डेट कर रहे हैं।
इसी दौरान ट्विटर (अब X) पर भी इस मुद्दे को लेकर कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में पोस्ट्स शेयर कीं, जिसमें दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए गए।
अब वायरल हो रहा मृणाल का कमेंट, कितना सच?
अब इसी मामले से जुड़ा एक कमेंट, जो कथित तौर पर मृणाल की प्रोफाइल से किया गया बताया जा रहा है, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस कमेंट में डेटिंग की अफवाहों पर तंज कसते हुए लिखा गया है कि लोग बिना किसी ठोस वजह के ऐसी बातों को सच मान लेते हैं और असली मुद्दों की बजाय ऐसी चीजों पर ज्यादा ध्यान देते हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि जिस वायरल वीडियो के नीचे यह कमेंट किया गया बताया जा रहा है, वहां अब यह कमेंट नजर नहीं आ रहा। बावजूद इसके इसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर हर जगह फैल चुका है। चूंकि इस कमेंट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, इसलिए इसकी सत्यता को लेकर अभी कुछ भी दावे से नहीं कहा जा सकता।
बता दें कि मृणाल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल की उम्र में करीब 9 से 10 साल का फासला है। मृणाल फिलहाल 34 वर्ष की हैं, जबकि यशस्वी की उम्र 24 वर्ष है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मृणाल का नाम एक्टर धनुष के साथ जोड़ा जा चुका है, और उस दौरान भी दोनों की शादी को लेकर काफी चर्चाएं हुई थीं। हालांकि बाद में मृणाल के करीबी सूत्रों ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया था।
फिलहाल यशस्वी जायसवाल संग डेटिंग की खबरों पर मृणाल ठाकुर या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।








