मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी समर्थित प्रत्याशी एवं गौतमबुद्धनगर नोएडा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रमेन्द्र सिंह भाटी एडवोकेट का शुक्रवार को सेक्टर-33 स्थित नोएडा बार एसोसिएशन में स्वागत किया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण डेढ़ा, उपाध्यक्ष एवं सपा के वरिष्ठ नेता कुँवर बिलाल बर्नी समेत बार के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रमेन्द्र सिंह भाटी ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने परिवार के बीच आए हैं और खुद को बाहरी प्रत्याशी नहीं मानते। उन्होंने अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि चुने जाने के बाद वह उनकी समस्याओं को संबंधित मंचों पर प्रमुखता से उठाएंगे और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का सहयोग उनकी लोकतांत्रिक यात्रा को मजबूती देगा और वह उनकी आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सुनील चौधरी ने की समर्थन की अपील
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी ने भी अधिवक्ताओं से पार्टी समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर प्रमेन्द्र भाटी को अच्छे मतों से विजयी बनाने का प्रयास करें।
बार अध्यक्ष ने जताया सहयोग का भरोसा
नोएडा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण डेढ़ा ने कहा कि अधिवक्ताओं का सहयोग और स्नेह प्रमेन्द्र भाटी की लोकतांत्रिक यात्रा को और मजबूत करेगा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं और पदाधिकारियों के प्रति आभार भी जताया।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ए.के. शर्मा, संयुक्त सचिव बी.बी. पांडे, पूर्व अध्यक्ष श्यामबीर सिंह बैसोया, एडवोकेट कपिल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और अन्य सहयोगी मौजूद रहे।








